रामगढ़ के लोगों ने सीडीओ को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी, भवाली (नैनीताल)। रामगढ़ में उद्यान विभाग की 4.4 एकड़ भूमि औद्योगिक विकास निगम को निशुल्क हस्तांतरित करने के खिलाफ नाराज लोगों ने सीडीओ डॉ संदीप तिवारी को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने तीन दिन के अंदर भूमि हस्तांतरित के आदेश को निरस्त नहीं करने पर उद्यान विभाग की भूमि पर टेंट लगाकर अनशन करने की चेतावनी दी है। लोगों ने कहा कि सरकार और शासन-प्रशासन की मिली भगत से उद्योगपतियों को होटल खोलने के लिए भूमि निशुल्क दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार बागवानी को बढ़ावा देने के बजाए उद्योगपतियों को लाकर रामगढ़ के फल पट्टी क्षेत्र को बर्बाद करना चाहती है। इसके खिलाफ किसान, व्यापारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि अनशन करने के साथ इस आदेश का विरोध करेंगे। इधर उद्यान लगाओ उद्यान बचाओ समिति के पदाधिकारियों ने देहरादून में सीएम का घेराव करने की चेतावनी दी है। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष अभय पांडे, कांग्रेस नेता नवाब हुसैन, दीपक करगेती, विनय कार्की, चेतन दरम्मवाल, चंदन मेर, दीपांशु सेन, अशोक सुयाल, मोहित कोरंगा आदि मौजूद रहे।
