87 भवन मानचित्रों को मिली स्वीकृति, “स्वयं शिविर” में उमड़ी भीड़

भीमताल : शहरवासियों को भवन मानचित्र संबंधी परेशानियों से राहत दिलाने के उद्देश्य से जिला विकास प्राधिकरण द्वारा बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय परिसर में “स्वयं शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 87 भवन मानचित्रों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिसमें 4 वाणिज्यिक एवं 83 आवासीय मानचित्र शामिल हैं। शिविर में उत्तराखंड जलागम परिषद के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्री शंकर कोरंगा विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने मौके पर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और प्राधिकरण की कार्यप्रणाली का निरीक्षण भी किया।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि 55 मानचित्रों की फीस मौके पर जमा की गई, जिन्हें तत्काल स्वीकृति प्रमाणपत्र जारी कर दिए गए। शेष मानचित्रों पर भी आवश्यक प्रक्रिया के तहत शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। कोरंगा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवन मानचित्र संबंधी लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए ताकि आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर जनहित में अत्यंत उपयोगी हैं और इन्हें नियमित अंतराल पर आयोजित किया जाना चाहिए।
शिविर में विकास प्राधिकरण के सचिव विजय नाथ शुक्ल, तकनीकी स्टाफ एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। उन्होंने नागरिकों को मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी।
स्थानीय लोगों ने शिविर को उपयोगी बताते हुए कहा कि उन्हें मौके पर ही समाधान मिलने से न सिर्फ समय की बचत हुई बल्कि सरकारी तंत्र पर विश्वास भी मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *