गौलापार में पंचायत चुनाव को लेकर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण सम्पन्न

141 अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी, आचार संहिता के अनुपालन के निर्देश

भीमताल : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को गौलापार स्थित प्रसार प्रशिक्षण केंद्र (बागजाला) में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में 27 जोनल, 77 सेक्टर और 37 रिजर्व सेक्टर मजिस्ट्रेटों सहित कुल 141 अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता बरतें और समय से पूर्व बूथों का निरीक्षण कर लें। उन्होंने निर्देश दिए कि चुनाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। आचार संहिता का पूरी तरह से पालन कराया जाए और किसी भी स्थिति में आयोग के निर्देशों की अवहेलना न हो। इस दौरान जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी ने बताया कि आगामी 9 और 10 जुलाई को पीठासीन व प्रथम मतदान अधिकारियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण होगा, जबकि 18 और 19 जुलाई को दूसरा चरण आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 29 जुलाई को मतगणना से संबंधित प्रशिक्षण भी प्रस्तावित है। मास्टर ट्रेनर एच.बी. चंद ने चुनाव प्रक्रिया, जिम्मेदारियों, रवानगी से पूर्व की तैयारियों और सील्ड मतपेटियों के स्ट्रॉन्ग रूम में जमा कराने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मतदान क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखें और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में उच्चाधिकारियों को तुरंत सूचित करें।
प्रशिक्षण में सभी नामित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *