व्यापारियों के विरोध के बीच प्राधिकरण ने हटाया अतिक्रमण

Social Reporting

सातताल में प्राधिकरण ने ध्वस्त कराया अतिक्रमण

अतिक्रमण ध्वस्त कराते समय व्यापारियों का झेलना पड़ा विरोध

भीमताल। सातताल में सोमवार को व्यापारियों के कड़े विरोध के बीच जिला विकास प्राधिकरण की टीम ने अतिक्रमण को जेसीबी मशीन से ध्वस्त किया। अतिक्रमण हटाने के दौरान व्यापारियों की प्राधिकरण और पुलिस से तीखी बहस हुई। लेकिन प्राधिकरण ने जेसीबी बे अतिक्रमण को हटाया। सातताल के व्यापारी मदन रावत, प्रकाश चंद्र आर्या, मनोज सिंह सूर्या ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से बिना जानकारी दिए दुकानों को तोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि दुकानों के टूटने से उनके सामने रोजीरोटी की चिंता पैदा हो गई है। साथ ही आरोप लगाया कि प्राधिकरण की ओर से सातताल में बनाई गई 40 दुकानों में 20 दुकानों का आवंटन सीमित लोगों को किया गया है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की कार्यवाही से स्थानीय व्यापारी बेरोजगार हो गए हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर रोजगार नहीं मिलने से लोग बेरोजगार है वहीं दूसरी तरफ अतिक्रमण का हवाला देकर दुकानें तोड़ी जा रही है। इसको लेकर व्यापारियों ने प्राधिकरण और सरकार के लिए नाराजगी जाहिर की। व्यापारियों ने सातताल में प्राधिकरण की ओर से बनाई गई दुकानों को सभी व्यापारियों को आवंटित करने को कहा है। व्यापारियों को विरोध को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद रहा। प्राधिकरण के सहायक अभियंता शिवम धिमान ने कहा कि व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने का समय दिया गया था। उन्होंने कहा कि पूर्व में बीस दुकानें प्राधिकरण की ओर से आवंटित की गई हैं। शेष बीस दुकानें भी आवंटित की जाएगी। प्राधिकरण ने कोई भी गलत कार्यवाही नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *