जंगलियागांव में गुलदार के आतंक से लोग परेशान
भीमताल । ग्राम पंचायत जंगलियागांव के तोक शिमाला में बीते कुछ समय से गुलदार का आतंक बना हुआ है। मंगलवार की रात गुलदार ने किशोर चंद्र की गाय को गौशाला का दरवाजा तोड़ कर मार दिया। किशोर ने बताया कि सुबह गौशाला के अंदर गाय को मरा देख वह अचंभित रह गए। ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। बन विभाग के फॉरेस्टर किशन भगत ने कर्मचारियों के साथ घटना स्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। उन्होंने लोगों से रात के अकेले बाहर नहीं जाने को कहा। ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने बताया कि पीड़ित परिवार गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करता है। उन्होंने उचित मुआवजे की मांग की है।