भीमताल। अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, तल्लीताल नैनीताल में शनिवार को पोषण माह के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि नैनीताल विधायक सरिता आर्या ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम का मुख्य फोकस एनीमिया की समस्या पर रहा। चिराग संस्था, एसबीआई टीम, और सेंट्रल हिमालयन ग्रुप के सहयोग से विद्यालय की 92 बालिकाओं और 10 गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच की गई। जांच में एक बालिका और एक गर्भवती महिला एनीमिक पाई गई। इस मौके पर चिराग संस्था की कोऑर्डिनेटर प्रतीक्षा भोसले ने एनीमिया और उससे बचाव के तरीकों पर जानकारी दी। बाल विकास परियोजना अधिकारी रेनू मार्तोलिया ने संपूर्ण आहार और पोषण के पांच सूत्रों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और 6 धात्री बच्चों का अन्नप्राशन भी किया गया। ममता अग्रवाल ने बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर 181 और 1098 की जानकारी दी, ताकि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में सहायता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम का संचालन कविता ने किया, और नैनीताल व खुरपाताल क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी इसमें भाग लिया।