भीमताल : ब्लॉक भीमताल के अमृतपुर, सूडी और बेलगड़ क्षेत्र में ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो गई। मंगलवार को विधायक राम सिंह कैड़ा ने नव निर्मित सिंचाई नहर का लोकार्पण किया। यह नहर राज्य योजना के तहत 94.41 लाख रुपये की लागत से बनाई गई है, जो स्थानीय किसानों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
पूर्व में इस क्षेत्र की पुरानी सिंचाई नहर टूट गई थी, जिससे किसानों को अपनी फसलों की सिंचाई के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए शासन ने नई नहर के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की। अब इस नहर के बन जाने से स्थानीय किसानों को सिंचाई में सहूलियत होगी और उनकी पैदावार में वृद्धि होने की संभावना है। विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा, “यह नहर ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगी और किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि नहर के निर्माण कार्य के लिए 94.41 लाख रुपये की धनराशि राज्य योजना के अंतर्गत स्वीकृत की गई थी। नहर के बन जाने से अब अमृतपुर, सूडी, और बेलगड़ के किसान लाभान्वित होंगे और उन्हें सिंचाई के लिए पानी की कोई कमी नहीं होगी। लोकार्पण समारोह के दौरान ग्राम प्रधान डीके शर्मा, चंद्रशेखर पलडिया, दीपा देवी, भास्कर पलडिया, सतीश शर्मा, कविता पांडे, प्रेम शर्मा, मुन्नी पांडे, केशव पांडे, नित्यानंद भट्ट, पंकज मेहरा, उमेश पलडिया और हम पलडिया सहित कई अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।