शिविर में सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
भीमताल: विधानसभा भीमताल के विधायक राम सिंह कैड़ा ने ओखलकांडा ब्लॉक के मीडार में श्रमिकों के कल्याण हेतु एक शिविर का आयोजन किया, जिसमें उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड में पंजीकृत 200 से अधिक श्रमिकों को टूल किट वितरित की गई। विधायक कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में श्रमिकों के कल्याण हेतु कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें श्रमिकों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति, बालिकाओं के विवाह हेतु आर्थिक सहायता, प्रसूति महिलाओं को आर्थिक मदद, और श्रमिकों की मृत्यु पर उनके आश्रितों को आर्थिक सहायता शामिल हैं।
विधायक कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए बताया कि छिड़ाखान से अधोड़ा-मीडार मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 19 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। जल्द ही इस सड़क का डामरीकरण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही, संचार व्यवस्था सुधारने के लिए क्षेत्र के आठ ग्राम सभाओं में बीएसएनएल के टावर लगाए गए हैं, जिन्हें जल्द ही चालू किया जाएगा।कैड़ा ने बताया कि सरकार ने श्रमिकों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त जांच की व्यवस्था भी की है। उन्होंने कहा कि भीमताल क्षेत्र के धारी, ओखलकांडा, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में स्वास्थ कैंपों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।