भीमताल : ग्राम पंचायत जंगलिया के सिमाला तोक में जंगली जानवरों द्वारा ग्रामीणों और उनके पालतू जानवरों पर बढ़ते हमलों को देखते हुए बन विभाग ने ट्रैप कैमरे लगाए हैं। इन कैमरों का उद्देश्य हाल ही में गाय और घोड़े को निवाला बनाने वाले जानवर की पहचान करना है।
वन दरोगा किशन चंद्र भगत ने बताया कि संभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों के साथ मिलकर कैमरे लगाए गए हैं ताकि जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। अगर जानवर की मौजूदगी की पुष्टि होती है तो जरूरत पड़ने पर पिंजरे भी लगाए जाएंगे।
ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने बताया कि गांव के लोग जंगली जानवरों के खौफ से दहशत में जी रहे हैं, जिसके कारण बच्चों को स्कूल भेजने में भी अभिभावक चिंतित हैं। उन्होंने बन विभाग से जंगल किनारे रहने वाले निवासियों की सुरक्षा के लिए 25 सोलर लाइट की मांग की है ताकि ग्रामीणों को रात के समय राहत मिल सके।