धामी सरकार का चार साल का कार्यकाल ऐतिहासिक रहा है : विधायक कैड़ा

भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का चार वर्ष का कार्यकाल ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने उत्तराखण्ड को नई दिशा दी है और जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। विधायक कैड़ा ने बताया कि भीमताल विधानसभा के चारों ब्लॉकों—ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल में सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनमानस को मिल रहा है। पुल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। क्षेत्र में तीन दर्जन से अधिक मोटर मार्गों पर डामरीकरण कार्य किया जा रहा है और एक दर्जन से अधिक पुलों का निर्माण प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर देश में पहली बार यह ऐतिहासिक कदम उठाया है। भू-कानून में सख्ती से देवभूमि की रक्षा हुई है और नकल विरोधी कानून लागू कर मेधावी युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खोले गए हैं।विधायक ने बताया कि बीएसएनएल टावर, नए मोटर मार्ग, महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन और कैंपों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी हर गांव और हर घर तक पहुँचाई जा रही है। महिला समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में भी अहम कार्य किए गए हैं। विधायक कैड़ा ने कहा कि धामी सरकार की नीतियों और विकासपरक दृष्टिकोण के चलते उत्तराखण्ड आज विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है और राज्य की पहचान राष्ट्रीय पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुँची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *