संवेदनशील क्षेत्रों में लगने लगे चेतावनी बोर्ड, प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता

भीमताल : जिले में लगातार हो रही बारिश और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी वंदना के निर्देश पर आपदा संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के लिहाज से चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। नगर निगम, सिंचाई विभाग, जिला पंचायत समेत अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीमों ने शहर व ग्रामीण क्षेत्रों के नदियों, नालों, गधेरों और तालाबों के किनारे चेतावनी बोर्ड लगाए हैं। इन बोर्डों के माध्यम से लोगों को नदी-नालों के पास जाने से बचने और बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की गई है। बोर्डों में यह भी साफ तौर पर लिखा गया है कि लोग फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी या सोशल मीडिया के लिए रील बनाने जैसे जोखिम भरे कार्य न करें। प्रशासन का कहना है कि रोमांच के चक्कर में कई लोग जान जोखिम में डाल देते हैं, जिससे हादसों की संभावना बनी रहती है। विशेषकर नदी किनारे नहाने या तेज बारिश में बहाव वाले क्षेत्रों में लोगों की भीड़ जुटना प्रशासन के लिए चिंता का विषय है। जिलाधिकारी वंदना ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी की जाए और समय-समय पर निरीक्षण कर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *