भीमताल: विधानसभा भीमताल के विधायक राम सिंह कैड़ा ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 113वें संस्करण को अमृतपुर में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों के साथ सुना। यह कार्यक्रम भीमताल ब्लॉक के बूथ संख्या-143 पर आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि “मन की बात” कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी के कुशल उद्बोधन और मार्गदर्शन का एक अनोखा माध्यम है, जो हमें राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक सोच और सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह मासिक उद्बोधन हमेशा हमें न केवल प्रेरणा देता है, बल्कि हमें समाज और देश के लिए कुछ करने की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए भी प्रोत्साहित करता है।
कार्यक्रम के दौरान, भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण जन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना और प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा ली। विधायक कैड़ा ने इस मौके पर पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और उन्हें देश की सेवा में निरंतर सक्रिय रहने की प्रेरणा दी।