भीमताल: जल जीवन मिशन के तहत भीमताल क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। मिशन के निदेशक नितिन सिंह भदौरिया ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए अधिशासी अभियंता को नोटिस जारी किया है और कार्यों की जांच के आदेश दिए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि 2 सितंबर को जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में शिकायतों के आधार पर यह मामला प्रकाश में आया। पाण्डे गांव और सकदीना गांव में पेयजल योजना के कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था, जिसके चलते इन कार्यों में गंभीर कमियां पाई गईं।
जल जीवन मिशन के निदेशक ने इस मुद्दे पर कड़ी कार्रवाई करते हुए सीडीओ को मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित करने का निर्देश दिया। सीडीओ अशोक कुमार पांडेय ने डीडीओ गोपाल गिरि के नेतृत्व में एक निष्पक्ष जांच समिति का गठन किया है, जो इन कार्यों की गहन समीक्षा करेगी।
सीडीओ ने बताया कि जल जीवन मिशन भारत सरकार का एक महत्वपूर्ण और ध्वजवाहक कार्यक्रम है, जिसके तहत गांव-गांव तक पेयजल पहुंचाना प्राथमिकता है। इसके बावजूद कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जाना गंभीर चिंता का विषय है। जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।