थाने के दरोगा और पुलिस कर्मी पर लगाया आरोप
सीओ के आश्वासन पर माने लोग
भीमताल : ओखलकांडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत टांडा के एक युवक की पुलिस दरोगा और पुलिस कर्मी की ओर से पिटाई करने पर शनिवार को लोगों ने खनस्यूं थाने में प्रदर्शन किया। लोगों ने पुलिस दरोगा और पुलिस कर्मी पर युवक को बेरहमी से पीटने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करते हुए दोनों को सस्पेंड करने की मांग की। टांडा के मनमोहन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर दोनों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। मनमोहन ने कहा कि शुक्रवार को उन्होंने खनस्यूं बाजार में बिना अनुमति के घूम रहे फेरी वाले से आधार कार्ड दिखाने को कहा था। उन्होंने कहा कि थाने में तैनात एक दरोगा और पुलिस कर्मी उसे जबरदस्ती थाने उठा कर ले गए और उसको बेरहमी से पीटा। उसने कहा कि पुलिस की पिटाई से उसके शरीर में गहरे घाव आए हैं। उन्होंने दोनों पुलिस कर्मियों को सस्पेंड की मांग की है। लोगों के विरोध को देखते हुए भीमताल पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने फोन के माध्यम से तीन दिन में जांच कर कार्यवाही का आश्वासन दिया है। सीओ के आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। थानाध्यक्ष रोहिताश सागर ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो आएगा उसी के तहत कार्यवाही की जाएगी। विरोध करने वालों में युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मदन परगांई, बीडीसी सदस्य रवि गोस्वामी, रोहित थुवाल, शिवदत्त सुयाल, राजेंद्र भंडारी, राजू बर्गली, कमल भट्ट, पंकज सुयाल, शेखर थुवाल शामिल रहे।