भीमताल में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न

Social Reporting

महिला समूहों और कृषि को बढ़ावा देने पर ज़ोर

भीमताल : विकास भवन सभागार में शनिवार को उपाध्यक्ष सेतु आयोग उत्तराखंड शासन, राजशेखर जोशी की अध्यक्षता में विभागीय कार्य योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की आर्थिक और विकास योजनाओं के विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई, जिसमें सरकारी योजनाओं को सभी वर्गों तक पहुंचाने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अशोक कुमार पांडे ने जानकारी दी कि जिले भर में महिला स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। हल्द्वानी के बैडी सेवा स्वयं सहायता समूह ने स्वच्छता अभियान के तहत बेहतर प्रदर्शन किया है। स्वच्छता निगरानी के लिए यूजर चार्ज का कलेक्शन 6 लाख रुपये प्रतिमाह से बढ़कर 32 लाख रुपये प्रतिमाह हो गया है। इस पर उपाध्यक्ष जोशी ने महिला समूहों को बेहतर प्रशिक्षण देने और पहाड़ी उत्पादों को बढ़ावा देने पर ज़ोर दिया।राजशेखर जोशी ने किसानों की समस्याओं पर ध्यान देते हुए, उन्हें चैन लिंक घेर बाड़ योजना और जिओ लाइन टैंक के माध्यम से सिंचाई सुविधा प्रदान करने की योजना का हिस्सा बनाने पर बल दिया। इससे किसानों को उनकी फसलों की सुरक्षा और बेहतर सिंचाई सुविधा मिल सकेगी, जिससे कृषि को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में पलायन रोकने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए भीमताल औद्योगिक घाटी को पुनर्जीवित करने की योजना पर भी चर्चा की गई। राजशेखर जोशी ने बताया कि इस दिशा में कार्य किए जा रहे हैं ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा सकें।बैठक में अमृत सरोवर, जल संरक्षण और जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत हो रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। बैठक में सीडीओ अशोक कुमार पांडे, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी, लोक निर्माण विभाग के ईई रत्नेश सक्सेना, और नगर पालिका नैनीताल की ईओ पूजा आर्या समेत कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *