कुमाऊँ भर में हरेला पर्व पर रोपे जाएंगे 2 लाख पौधे: डॉ. पाण्डे
भीमताल : मानसून सत्र के दौरान Our Lakes Our Heritage थीम पर आधारित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की शुरुआत मंगलवार को भीमताल के प्रसिद्ध सातताल क्षेत्र से हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वन संरक्षक कुमाऊँ डॉ. धीरज पाण्डे ने किया। प्रभागीय वनाधिकारी चन्द्र शेखर जोशी ने जानकारी दी कि यह पौधारोपण अभियान आगामी 31 जुलाई 2025 तक चलाया जाएगा, जिसमें नैनीताल वन प्रभाग अंतर्गत विभिन्न झीलों और उनके जलागम क्षेत्रों में फलदार व बहुवर्षीय प्रजातियों के पौधे रोपे जाएंगे।
डॉ. पाण्डे ने बताया कि आगामी 16 जुलाई, बुधवार को हरेला पर्व के अवसर पर पूरे कुमाऊँ क्षेत्र में वन विभाग द्वारा 2 लाख पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान मानसून अवधि तक लगातार चलेगा और इसमें जनसहभागिता को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। मंगलवार को सातताल में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं एवं वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी सहभागिता निभाई। इस अवसर पर एसडीओ वन ममता चंद, वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी, भगवती प्रसाद जोशी, सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी, और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।