सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर विभाग सख्त
भीमताल : परिवहन विभाग द्वारा मंगलवार को हल्द्वानी-भीमताल-भवाली, हल्द्वानी-कालाढूंगी एवं हल्द्वानी गैस गोदाम मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 79 वाहनों के चालान किए गए जबकि एक वाहन को सीज किया गया। अभियान का नेतृत्व परिवहन कर अधिकारी अपराजिता पांडे, अनुभा आर्य, परिवहन निरीक्षक गिरीश कांडपाल व नंदन रावत ने किया। चेकिंग के दौरान टैक्सी, मैक्सी कैब, बस, ट्रक, ऑटो, ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और निजी वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई नो पार्किंग, नियत वर्दी न पहनना, सीट बेल्ट और हेलमेट का प्रयोग न करना, ओवरलोडिंग, टैक्स व फिटनेस में अनियमितता, परमिट शर्तों का उल्लंघन जैसी कई श्रेणियों में की गई।
इस अभियान में सहायक परिवहन निरीक्षक चंदन सुप्याल, चंदन ठेला, अरविंद ह्यांकि, अनिल कार्की, गोधन सिंह, परिवहन आरक्षी हंसी, प्रकाश व श्री पवन सहित विभागीय टीम सक्रिय रही।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. गुरदेव सिंह ने बताया कि ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे ताकि सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता लाई जा सके और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।