भीमताल बाईपास में नहर कवरिंग और डामरीकरण का काम शुरू
सांसद और विधायक ने किया शुभारंभ
भीमताल । भीमताल वासियों और यात्रियों को अब भीमताल बाईपास में जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। शनिवार को भीमताल बाईपास में 7.95 करोड़ की लागत से नहर कवरिंग, सड़क चौड़ीकरण और डामरीकरण का काम लोक निर्माण विभाग की ओर से शुरू कर दिया गया है। सांसद अजय भट्ट और विधायक राम सिंह कैड़ा ने संयुक्त रूप से बाईपास के निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार ने भीमताल वासियों की जाम की समस्या को हल करने के लिए नहर कवरिंग और सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू किया है। सांसद ने कहा कि बाईपास चौड़ीकरण और डामरीकरण से नगर में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। भट्ट ने कहा कि रानीबाग से मोतियापाथर तक 17 करोड़ की लागत से सड़क चौड़ीकरण के साथ डामरीकरण किया जाएगा। इसके लिए धनराशि जारी हो चुकी है। साथ ही कहा कि भीमताल बाईपास में पार्किंग निर्माण को लेकर कार्यवाही चल रही है। विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि भीमताल बाईपास में नहर कवरिंग, डामरीकरण और सड़क के चौड़ीकरण की समस्या को हल कराने के लिए शासन से 7.95 करोड़ स्वीकृत कराए हैं। कैड़ा ने कहा कि निर्माण कार्य शुरू होने से जल्द जाम की समस्या भी हल हो जाएगी। कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री और सांसद के सहयोग से भीमताल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कैड़ा ने कहा कि शासन से जल्द बाईपास के लिए शेष धनराशि स्वीकृत कराई जाएगी। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कमला आर्या, प्रदीप पाठक, अनिल चनौतिया, दिनेश सांगुड़ी, कमलेश रावत, मनोज भट्ट, संदीप पांडे, नितेश बिष्ट, शरद पांडे, आशु पाठक, योगेश तिवारी, सुनीता पांडे, रवि कुमार, धन सिंह राणा, आशा उप्रेती, एमसी पंत शामिल रहे।