भीमताल : नगर के तल्लीताल और नौकुचियाताल में मंगलवार को भारत रत्न स्व. पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 137वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम, समूह गान और देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक राम सिंह कैड़ा ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित पंत एक सच्चे देशभक्त, समाजसेवी और अनुशासित व्यक्ति थे। उनके आदर्श और योगदान आज भी हमें प्रेरित करते हैं। उन्होंने देश को एक नई दिशा दी और भारतीय संविधान में हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिलाने और जमींदारी प्रथा को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उधर नौकुचियाताल में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने पंडित पंत को याद करते हुए कहा कि वे एक महान राजनेता और समाजसेवी थे, जिन्होंने देश के विभिन्न क्षेत्रों में अहम भूमिका निभाई। डॉ. बिष्ट ने कहा कि हमें उनके विचारों और आदर्शों पर अमल करने की जरूरत है, ताकि हम देश और समाज के विकास में अपना योगदान दे सकें।
इस अवसर पर कमला आर्य, मनोज भट्ट, दिनेश सांगुडी, गौतम मटियाली सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे ।