10 दिन के अंदर ठीक करें क्षतिग्रस्तपेयजल लाइन : वंदना सिंह

Social Reporting

जल जीवन मिशन की बैठक आयोजित

भीमताल : विकास भवन सभागार भीमताल में गुरुवार को जिलाधिकारी वंदना सिंह की अध्यक्षता में ओखल कांडा और बेतालघाट क्षेत्र में चल रही जल जीवन मिशन योजनाओं की समीक्षा के लिए जन सुनवाई आयोजित की गई।
बैठक में जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों ने हजम के तहत हर घर जल पंपिंग योजना आदि योजनाओं की जानकारी दी। जिसपर वंदना सिंह ने सभी अधिकारियों को ग्राम स्तर पर योजना में आ रही समस्याओं का समाधान करने को कहा,और साथ ही अधिशासी अभियंता को फील्ड अधिकारियों का योजना स्थल पर निरीक्षण के लिए रोस्टर बनाने को कहा।
बैठक में जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि ओखलकांडा और बेतालघाट में हजम के तहत 147 से अधिक योजनाओं में कार्य किया जा रहा है। जिस पर जिलाधिकारी ने कार्य चल रहे स्थानों पर थर्ड पार्टी निरीक्षण के समय स्थानीय जनप्रतिनिधियों और उपभोक्ताओं का फीडबैक अनिवार्य रूप से लेने को कहा जिससे धरातल की वास्तविक स्थिति का पता चल सके।
बैठक में ग्राम प्रधानों ने खुली पाइपलाइन, आपदा से लाइन टूटने और कनेक्शन नहीं मिलने की समस्या को रखा ।जिस पर जिलाधिकारी ने समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया। साथ ही मानसून के समय पर लंबित कार्यों के टेंडर और अन्य कागजी कार्यवाही को पूरा करने को कहा जिससे मानसून खत्म होने के बाद कार्य को बेहतर ढंग और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा सके।
माना गांव के प्रधान ने आपदा में क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन की समस्या को रखा जिस पर जिलाधिकारी ने 10 दिन के अंदर सर्वे करा कर पाइपलाइन ठीक करने को निर्देशित किया। वही मटिला गांव और विद्यालयों में पानी कनेक्शन नहीं होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए एई से स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही बैठक में वंदना सिंह ने जिन योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट 90 प्रतिशत है उन पर ईई, 50 से 90 प्रतिशत पर एई और 50 प्रतिशत से कम हुए कार्यों पर जेई को अगले 15 दिन में सभी योजनाओं पर प्रगति लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिन योजनाओं की भौतिक रिपोर्ट 50 प्रतिशत से कम है उनमें ठेकेदार को अंतिम नोटिस देकर कार्य को बंद करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *