भीमताल: विधानसभा भीमताल के लिए एक बड़ी राहत की खबर आई है। क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही नहर कवरिंग की मांग को आखिरकार मंजूरी मिल गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल बाईपास पर 2.5 किलोमीटर लंबी नहर कवरिंग के लिए 7 करोड़ 95 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।भीमताल नगर पंचायत क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोग कई वर्षों से इस नहर को कवर करने की मांग कर रहे थे। नहर कवरिंग के अभाव में भीमताल बाजार क्षेत्र में हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को काफी असुविधा होती थी।विधायक राम सिंह कैड़ा ने जनता की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए नहर कवरिंग के लिए धनराशि स्वीकृत करवा दी।
जल्द ही इस परियोजना का काम शुरू कर दिया जाएगा। विधायक कैड़ा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे भीमताल का विकास और तेज़ी से हो सकेगा।