शनिवार की सुबह चोरी कर ले गए कबाड़ी
व्यापारियों ने पुलिस की गश्त पर उठाए सवाल
भीमताल । नगर क्षेत्र में लंबे समय से कूड़ा बीनने और कबाड़ियों से स्थानीय व्यापारी परेशान हैं। शनिवार की सुबह कूड़ा बीनने वाले दो युवक गोरखपुर चौराहे पर एक परचून की दुकान चलाने वाले दुकानदार की दुकान के बाहर रखे पचास हजार से भरा बैग चोरी कर ले गए। बैग चोरी होने के बाद पीड़ित व्यापारी अंकुर थापा भीमताल पुलिस थाने पहुंचा। व्यापारी ने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से चोरी की घटना को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके चलते उनके बैग का पता नहीं चल पाया है। जबकि सीसीटीवी कैमरे में दो कूड़ा बीनने वाले उसकी दुकान के बाहर रखे बैग को चोरी करते हुए देखे गए हैं। अंकुर ने कहा कि शनिवार को वह हल्द्वानी में दुकानदारों को समान का पैसा देने जा रहे थे। लेकिन उससे पहले ही पैसा चोरी हो गया। साथ ही आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से चोरों को पकड़ने के लिए कार्रवाई नहीं की गई। भीमताल के व्यापारी नेता सौरभ रौतेला, पंकज जोशी, भास्कर भगवाल ने कहा कि कबाड़ी और कूड़ा बीनने वाले भीमताल में लगातार चोरी कर रहे हैं। लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि शनिवार को व्यापारी का पैसों से भरा बैग चोरी कर लिया गया। लेकिन अभी तक कूड़ा बीनने वाले कबाड़ी नहीं पकड़े गए हैं। व्यापारियों ने कहा कि रविवार को भीमताल थाने में कबाड़ियों पर कार्रवाई को लेकर शिकायत की जाएगी। थानाध्यक्ष जगदीप सिंह नेगी ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर पहचान हो गई है। पुलिस को तहरीर मिलते ही कार्यवाही करी जाएगी।