भीमताल : हरमन माइनर स्कूल भीमताल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के निर्देशानुसार नई शिक्षा नीति के तहत एक दिवसीय “कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम” कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को शिक्षण में कौशल विकास, जीवन कौशल, और पेडागाजी (शिक्षण पद्धति) के साथ-साथ बेहतर लर्निंग आउटकम्स (शिक्षण परिणाम) पर मार्गदर्शन देना था।
इस कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रमुख विद्यालयों के 60 से अधिक शिक्षकों ने भाग लिया, जिनमें लेक इंटरनेशनल स्कूल भीमताल, अटल उत्कर्ष जीआईसी भुजान (अल्मोड़ा), मोहन लाल साह विद्या मंदिर नैनीताल, लान्ग व्यू पब्लिक स्कूल नैनीताल, सैनिक स्कूल घोड़ाखाल भवाली, वुडब्रिज स्कूल भवाली, और दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल हल्द्वानी शामिल थे।
कार्यशाला का शुभारंभ कमलेश जोशी, बीडी ओली, और महिमा भट्ट ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। कमलेश जोशी ने अपने संबोधन में बताया कि कैसे शिक्षक विभिन्न विषयों को रुचिकर बनाकर विद्यार्थियों के लिए उनकी समझ को बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों को नई शिक्षा नीति के विभिन्न पहलुओं के बारे में भी जानकारी दी और इस पर विस्तृत चर्चा की गई कि कैसे शिक्षण प्रक्रिया को छात्रों के लिए अधिक प्रभावी और उपयोगी बनाया जा सकता है।
इस दौरान कौशल विकास और जीवन कौशल से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया, जो वर्तमान समय में छात्रों के समग्र विकास के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण हैं। कार्यशाला में नई शिक्षा नीति के बहुआयामी पहलुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ, जो शिक्षकों को उनकी शिक्षण प्रक्रिया में नवाचार लाने में सहायक साबित होंगे।