सीडीओ ने अधिकारियों के साथ की बैठक
भीमताल । सीडीओ अशोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन भीमताल सभागार में जिला योजना, राज्य सैक्टर और बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।सीडीओ ने जिला योजना के तहत हो रहे कार्यों को गुणवत्ता के साथ जल्द करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही मिलने पर विभाग या कार्यदाही संस्था के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।विभागों के अधिकारियों ने बताया कि बीते दिनों कई साइबर अटैक के कारण कई सरकारी विभागों के आई डी बंद हो गई, जिस कारण विभाग की प्रगति रिपोर्ट पूर्ण रूप से नहीं मिल पाई। जिस पर सीडीओ ने स्थिति सामान्य होने पर प्रगति रिपोर्ट देने की बात कहीं। उन्होंने बताया कि जिला योजना के तहत इस बार जिले में 7020.50 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई थी इसमें 4271.73 लाख विभाग को अवमुक्त हो गई। राज्य सेक्टर में 23315.65 लाख में क्रमिक व्यय 11615.18 लाख के सापेक्ष खर्च 49.82 प्रतिशत और केंद्र पोषित सेक्टर से 26504.02 लाख में क्रमिक व्यय के सापेक्ष 91.42 प्रतिशत की राशि खर्च कर ली गई हैं। सीडीओ ने कहा कि बीस सूत्रीय रिपोर्ट में 2024-25 में 45 मद में ए श्रेणी में 34, बी श्रेणी में 4, सी श्रेणी में 6 और डी श्रेणी में 1 मद हैं। उन्होंने डी और सी मद के विभागों को कार्यशैली में बदलाव और आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी ब्लॉक को मॉडल गांव के रूप में तैयार किया जाएगा। इस दौरान डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी, डीएसटीओ डॉ मुकेश सिंह नेगी, ईई लोनिवि रत्नेश सक्सेना, ईई जल संस्थान रमेश सिंह आदि शामिल रहे।