भीमताल: कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को एक संयुक्त बयान जारी करते हुए भीमताल विधानसभा और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में घूम रहे अनजान फेरीवालों के सत्यापन की मांग की है। कांग्रेस के पूर्व राज्य मंत्री डॉ. केदार पलडिया, वरिष्ठ नेता मनोज शर्मा और कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष भुवन दर्मवाल ने प्रशासन से अपील की कि इन फेरीवालों की गतिविधियों पर नजर रखी जाए और उनका उचित सत्यापन किया जाए।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इन अनजान फेरीवालों में से कई की कार्यशैली संदिग्ध है और कई बार वे फर्जी सामान बेचने के बाद क्षेत्र से गायब हो जाते हैं। उन्होंने कहा, “व्यापार करना गलत नहीं है, लेकिन ठगी के उद्देश्य से क्षेत्र में घूमने वाले अनजान व्यक्तियों की गतिविधियों की जांच आवश्यक है।
कांग्रेस नेताओं ने “खनश्यूं (ओखलखंडा)” में हुई पुलिसिया कार्रवाई की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों पर की गई बर्बर पिटाई बेहद निंदनीय है। साथ ही, क्षेत्र के युवा जो फेरीवालों के सत्यापन की मांग कर रहे हैं, उनका समर्थन करते हुए कांग्रेस ने इस मुद्दे पर प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम सिंह मेहरा, वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र शर्मा और प्रताप सिंह बर्गली ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की।