ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों ने सीडीओ को सौंपा ज्ञापन
भीमताल। विकास भवन सभागार में गुरुवार को ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संघ ने अपनी समस्याओं को हल कराने के लिए मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार पांडे को ज्ञापन सौंपा। संघ के जिलाध्यक्ष आनंद सिंह जलला ने बताया कि ग्राम पंचायत अधिकारियों की अभी तक वार्षिक चरित्र प्रविष्टि पर कतिपय खंड विकास अधिकारियों की ओर से हस्ताक्षर नहीं किए जाने के कारण अधिकांश ग्राम पंचायत अधिकारियों की अभी तक एसीपी का निर्धारण नहीं हो पाया है। साथ ही कहा की ग्राम पंचायत अधिकारियों को अक्टूबर और नवंबर माह में जीपीडीपी बैठकों का आयोजन, पंचायत निर्वाचन प्रक्रिया, समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जन शिविरों में प्रतिभाग किया जा रहा है। साथ ही ऑडिट की प्रक्रिया के साथ जल जीवन मिशन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया और पीएमएवाई आवास सर्वे में भी ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारियों की समस्या पर सीडीओ ने कार्यवाही का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वालों में संयुक्त कर्मचारी परिषद के जिलाध्यक्ष असलम अली, जिला महामंत्री सत्य प्रकाश दिवेदी, विवेक बिष्ट शामिल रहे।