कुमाऊं विश्वविद्यालय में ‘दीक्षा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन

Social Reporting

कुलपति ने छात्रों को किया प्रेरित

भीमताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के सर जे. सी. बोस तकनीकी परिसर में सत्र 2024-25 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर दीवान सिंह रावत ने छात्रों से सीधा संवाद करते हुए शिक्षा, शोध, और करियर से संबंधित विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान कुलपति ने शोध को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने घोषणा की कि जो शिक्षक विद्यार्थियों के साथ मिलकर शोध पत्र प्रकाशित करेंगे, उन्हें पारितोषिक राशि प्रदान की जाएगी। कुलपति ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए उन्हें करियर और शैक्षिक मार्गदर्शन भी दिया।
छात्रों ने कुलपति से विभिन्न औद्योगिक इकाइयों से अनुबंध, इंटर्नशिप के अवसर, केंपस प्लेसमेंट, शैक्षिक भ्रमण और शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय की योजनाओं के बारे में सवाल पूछे। इस दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय में जल्द ही स्वास्थ्य और करियर काउंसलर की नियुक्ति की घोषणा भी की।
प्रोफेसर रावत ने विद्यार्थियों को अपने अध्ययन में कठोर परिश्रम करने और नवाचार के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की टैलेंट हंट योजना के तहत उत्कृष्ट कलाकृति बनाने वाले विद्यार्थियों की भी सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन कोमल चंद्रा और मनीषा पाठक द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर परिसर निदेशक प्रोफेसर एल.के. सिंह, तकनीकी संकायाध्यक्ष प्रोफेसर कुमुद उपाध्याय, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर वीना पांडे, और अन्य वरिष्ठ शिक्षकों सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *