भीमताल : उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संगठन के ओखलकांडा शाखा का चुनाव ब्लॉक संसाधन केंद्र खन्स्यू में आयोजित किया गया। चुनाव प्रक्रिया के पहले सत्र में शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें निपुण विद्यालय एवं विद्या समीक्षा के मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। गोष्ठी में शिक्षकों ने एक स्वर में कहा कि उन्हें अतिरिक्त कार्यों से मुक्त किया जाए और अधिक समय शिक्षण के लिए कक्षा में बिताने का मौका मिले।
गोष्ठी में जिला मंत्री डिकर सिंह पडियार ने कहा कि शिक्षकों को अक्सर अतिरिक्त कार्य सौंपे जाते हैं, जिससे उनका शिक्षण कार्य प्रभावित होता है। उन्होंने संगठन स्तर पर शिक्षकों को इन कार्यों से मुक्त कराने की मांग को प्रमुखता से उठाया। साथ ही उन्होंने प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय में कम से कम पांच शिक्षकों की अनिवार्य तैनाती की मांग की, ताकि शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार हो सके।
द्वितीय सत्र में संगठन के चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें गोपाल सिंह बिष्ट अध्यक्ष, हीरा वल्लभ बसानी मंत्री और सतीश चंद्र कफल्टिया कोषाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। इसके अलावा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर प्रताप सिंह बोरा, उपाध्यक्ष पद पर चंद्रशेखर परगाई, विपिन पलाडिया, महेश चंद्र कांडपाल, अनिल कुमार और सीमा गौड़, संयुक्त मंत्री पद पर दया कृष्ण भट्ट, उप मंत्री पद पर पंकज दरम्वाल और दिनेश चंद्र भट्ट चुने गए।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान डॉक्टर देवेन्द्र भैसोडा, श्री मुरली भट्ट और श्री सतीश चंद्र चुनाव अधिकारी के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक राजेंद्र बिष्ट ने किया, जबकि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने में कई वरिष्ठ शिक्षकों ने सहयोग दिया। इस अवसर पर 202 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई और संगठन की आगामी चुनौतियों पर चर्चा की गई।