भीमताल बाईपास नहर कवरिंग और सुधारीकरण के लिए 7 करोड़ 95 लाख की वित्तीय स्वीकृति

Social Reporting

विधायक ने करवाया शासनादेश जारी

भीमताल : विधानसभा क्षेत्र भीमताल के नगर पंचायत के अंतर्गत आने वाले बाईपास मोटर मार्ग पर नहर कवरिंग और सुधारीकरण का कार्य जल्द ही शुरू होने वाला है। इस परियोजना के लिए 7 करोड़ 95 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। विधायक राम सिंह कैड़ा के प्रयासों के बाद मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के लिए राशि स्वीकृत की है, और अब शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
भीमताल नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग लंबे समय से बाईपास मोटर मार्ग पर नहर कवरिंग की मांग कर रहे थे। नहर कवरिंग न होने के कारण भीमताल बाजार क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग और पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसके अलावा, किसान और ग्रामीण भी इस समस्या से प्रभावित थे।
विधायक कैड़ा ने जानकारी दी कि जल्द ही नहर कवरिंग और टाइल्स निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह भीमताल विधानसभा क्षेत्र के निवासियों की हर समस्या का समाधान करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

इस परियोजना के पूरा होने से न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को भी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *