12 सितंबर तक आएंगे हिंदी और अंग्रेजी के प्रवक्ता
भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में सोमवार को कैंप कार्यालय में पटलोट डिग्री कॉलेज से जुड़ी समस्याओं पर विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कॉलेज के भवन निर्माण, शिक्षकों की कमी और छात्रों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
विधायक कैड़ा ने बताया कि कॉलेज भवन निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपये शासन से स्वीकृत कराए गए थे, लेकिन ठेकेदार ने समय पर निर्माण कार्य पूरा नहीं किया। निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण में कई खामियां पाई गईं, जिसमें सामग्री की गुणवत्ता खराब होना और भवन में दरारें पड़ना शामिल है। इसके अलावा, भवन टपकने की शिकायत भी मिली है, जिससे छात्रों को पढ़ाई में दिक्कत हो रही है।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन की खामियों को जल्द से जल्द दूर किया जाए। साथ ही, हिंदी और अंग्रेजी के प्रवक्ताओं की नियुक्ति की समस्या पर भी चर्चा हुई, जिसमें उच्च शिक्षा उप निदेशक ने 12 सितंबर तक शिक्षकों की नियुक्ति का आश्वासन दिया।विधायक कैड़ा ने 12 अगस्त को डिग्री कॉलेज का निरीक्षण करने की घोषणा की और सभी अधिकारियों को मौके पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
बैठक में उच्च शिक्षा उप निदेशक, रघुवीर मटियाली, शिव सिंह, भगवान राम, के डी भट्ट, ललित भट्ट, प्राचार्य और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।