भीमताल सीएचसी में सुधारी जाए स्वास्थ्य सुविधा
भीमताल । भीमताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं के चलते मरीजों को उपचार के लिए हल्द्वानी के अस्पतालों में जाना पड़ रहा है। भीमताल ग्राम प्रधान संगठन की उपाध्यक्ष राधा कुल्याल ने भीमताल सीएचसी की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं से मरीजों को हो रही समस्या से मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अवगत कराया है। राधा ने कहा कि भीमताल सीएचसी में एक्सरे टेक्नीशियन के सप्ताह में तीन दिन ही सीएचसी में होने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि टेक्नीशियन को तीन दिन अन्य अस्पताल में जाना पड़ रहा है। कहा कि भीमताल सीएचसी से मलुवाताल, जंगलियागांव, पांडेगांव, हरीनगर, सांगुड़ीगांव, सौनगांव, चाफी, अलचौना, हैड़ियागांव, जंगतवाल गांव, नौकुचियाताल समेत तमाम गांवों के लोग उपचार के लिए आते हैं। लेकिन अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के सही नहीं होने से मरीजों को उपचार के लिए हल्द्वानी जाना पड़ता है। राधा ने सीएमओ से अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधा को सही कराने की मांग की। सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम सिंह कुल्याल ने कहा कि अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर नहीं किया जा रहा है। इससे लोगों में नाराजगी है। कुल्याल ने कहा कि जल्द भीमताल सीएचसी में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ धरना प्रदर्शन किया जाएगा।