भीमताल : राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशानुसार, हरमन माइनर विद्यालय में एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के अध्यक्ष एवं माननीय जिला न्यायाधीश श्री सुबीर कुमार के मार्गदर्शन में और सचिव श्रीमती बीनू गुलयानी के नेतृत्व में किया गया।
इस जागरूकता शिविर में साइबर अपराध जैसे ए.आई. टूल्स, लिंक, और ओ.टी.पी. से जुड़े खतरों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। शिविर के दौरान साइबर अपराध से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया, ताकि लोग इनसे सुरक्षित रह सकें।इसके अतिरिक्त, शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों के बारे में बताया गया और छात्रों को नशे के बढ़ते मामलों, इसके शारीरिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों, और इसके संबंध में कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी गई। शिविर में किशोर न्याय बोर्ड और पॉश एक्ट से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई।
शिविर का संचालन पीएलवी नवाब खान द्वारा किया गया। शिविर में छात्रों और शिक्षकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और विधिक जानकारी का लाभ उठाया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाने और लोगों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।