भीमतल। भीमताल ब्लॉक और ओखलकांडा को जोड़ने वाला पसोली, ओखलढुगा, स्यूडा, लुगड़, भोडिया मोटर मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में होने के कारण वाहन चालकों और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के समय किसानों की फसलें मंडी तक नहीं पहुंच पा रही थी। साथ ही मोटर मार्ग में गड्ढे होने से दुर्घटना का भी खतरा बना हुआ था। ग्रामीणों ने विधायक राम सिंह कैड़ा से मोटर मार्ग पर डामरीकरण कराने की मांग की थी। विधायक कैड़ा ने क्षेत्र के ग्रामीणों की मांग पर शासन से मोटर मार्ग पर डामरीकरण के लिए 2.84 करोड़ स्वीकृत कराए थे। शुक्रवार को मोटर मार्ग पर डामरीकरण के कार्य का शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के 2 दर्जन से अधिक मोटर मार्गों पर डामरीकरण करने का कार्य लगातार किया जा रहा है। ताकि क्षेत्र के लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
