भीमताल। ओखलकांडा ब्लॉक के ढोलीगांव में भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने श्रम विभाग का शिविर लगाकर पंजीकृत श्रमिकों को टूल किट का वितरण किया। विधायक कैड़ा ने बताया कि पहले इस क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीणों को हल्द्वानी आकर सामग्री प्राप्त करनी पड़ती थी, लेकिन अब इस समस्या को देखते हुए स्थानीय स्तर पर कैम्प आयोजित किया गया। इस कैम्प से अब ग्रामीणों को सुविधा मिल रही है और वे टूल किट सामग्री आसानी से प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक कैड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं में श्रमिकों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति, बालिकाओं की शादी के लिए आर्थिक सहायता, प्रसूति महिलाओं के लिए वित्तीय सहयोग और श्रमिक की मृत्यु के बाद उसके आश्रितों को आर्थिक मदद प्रदान करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के प्रयासों से श्रमिकों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त जांच की व्यवस्था भी की गई है। विधायक कैड़ा ने बताया कि भीमताल क्षेत्र के धारी, ओखलकांडा, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के न्याय पंचायतों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।