भीमताल क्षेत्र में आपदा राहत के लिए की धनराशि की मांग
भीमताल: विधानसभा भीमताल क्षेत्र के विधायक राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को देहरादून में आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन से मुलाकात की। इस दौरान विधायक कैड़ा ने क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी बारिश और उससे हुए नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ओखलकांडा, रामगढ़, धारी, और भीमताल ब्लॉक के कई गांवों में भारी बारिश के कारण किसानों की उपजाऊ भूमि नदी के कटाव में बह गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान हुआ है।विधायक कैड़ा ने बताया कि लुगड, खौदा, लमजाला, बगड़, रैला, धार, चमोली गाजा, ककोड़ गाजा, रामगढ़ तल्ला, झुतिया, अल्चौना, चाफी, घीगरानी, कचलाकोट, धैना आदि गांवों में नदी के कटाव के कारण किसानों की जमीन और कई ग्रामीणों के घरों के पास भूस्खलन होने से मकानों को खतरा हो गया है।
विधायक कैड़ा ने आपदा सचिव से अपील की कि इन क्षेत्रों में भू-कटाव रोकने और सुरक्षा कार्यों के लिए दैवीय आपदा मद से आवश्यक धनराशि स्वीकृत की जाए, ताकि किसानों और ग्रामीणों को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि समय रहते सुरक्षात्मक कदम उठाने से भविष्य में और अधिक नुकसान से बचा जा सकता है।