भीमताल : विधानसभा भीमताल के विधायक राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को सदन की कार्यवाही के दौरान अपने क्षेत्र में आई आपदा और उससे हुए नुकसान का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। उन्होंने नियम 300 के अंतर्गत सरकार का ध्यान भीमताल, ओखलकांड, धारी, और रामगढ़ क्षेत्र में हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण हुए नुकसान की ओर आकर्षित किया।
विधायक कैड़ा ने सदन में कहा कि इन क्षेत्रों के कई गांव जैसे ककोड़ गाजा, चमोली गाजा, हरीशताल गाजा, लुगड़, तल्ला रामगढ़, झुतीया, जमराडी, रैकूना, रमेलागांव, सुनकोट, धैना, कचलाकोट, कुकना छतोना खेत, स्याली, डहरा, आना आदि में नदियों के किनारे स्थित ग्रामीणों की जमीन तेजी से बह रही है। इससे कई मकानों को भी खतरा उत्पन्न हो गया है और किसानों की कृषि भूमि नष्ट हो जाने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
कैड़ा ने बताया कि कई गांवों के लिंक मोटर मार्ग भी बंद होने के कगार पर हैं, जिससे आवागमन में समस्या हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि भू कटाव को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की आपदा से बचा जा सके।
इसके साथ ही, विधायक कैड़ा ने नियम 53 के तहत भीमताल विधानसभा में आवारा घूम रहे पशुओं के लिए गौशाला खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि जंगली जानवर किसानों की फसलों को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसान बहुत परेशान हैं। उन्होंने सरकार से किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए तार बाड़ की योजना बनाने का आग्रह भी किया।
सरकार से तत्काल कार्यवाही की मांग
विधायक राम सिंह कैड़ा ने सरकार से आग्रह किया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में हुई इस आपदा से हुए नुकसान को देखते हुए तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द राहत मिल सके और भविष्य में ऐसी आपदाओं से निपटने के लिए ठोस योजना बनाई जा सके।