भीमताल : नगर पालिका परिषद भीमताल के चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। चुनाव को निष्पक्ष और शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए धारी तहसील के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) केएल गोस्वामी ने नगर पालिका परिषद भीमताल और अन्य राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में चुनावी प्रक्रिया की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।एसडीएम गोस्वामी ने बताया कि सबसे पहले मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत डोर टू डोर सर्वेक्षण के माध्यम से सभी मतदाताओं की जानकारी संकलित की गई है। भीमताल नगर पालिका परिषद के क्षेत्र में कुल 9 वार्ड हैं, जिनमें मल्लीताल, डाकबंगला, विलासपुर, नौकुचियाताल, तल्लीताल, जून स्टेट, कुआंताल, इंडस्ट्रियल एरिया और महरागांव शामिल हैं। प्रारंभिक सूची में कुल 9269 मतदाता शामिल थे।
——————————————————————
नए मतदाताओ का नामांकन
मतदाता पहचान पत्र बनाने के लिए मई महीने में सभी 9 बूथों पर विशेष शिविर का आयोजन किया गया था। इस शिविर के दौरान 484 नए मतदाताओं को सूची में जोड़ा गया। हालांकि, जांच के दौरान 28 मतदाताओं के नाम गलत पाए जाने पर उन्हें सूची से हटा दिया गया। अंतिम सूची में कुल 10,013 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं।
——————————————————————-
अंतिम सूची राज्य निर्वाचन आयोग को भेजी
एसडीएम गोस्वामी ने बताया कि तैयार की गई अंतिम मतदाता सूची को जिला अधिकारी के माध्यम से राज्य निर्वाचन आयोग उत्तराखंड को भेज दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग से अनुमोदन प्राप्त होते ही मतदाता सूची को जारी कर दिया जाएगा।
—————————————————————-
चुनावी व्यवस्था पर जोर
चुनाव की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी 9 बूथों की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए एक कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्णय लिया है। एसडीएम ने कहा कि चुनावी व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि चुनाव निष्पक्ष और शांति पूर्वक संपन्न हो सके।