भीमताल : ब्लॉक भीमताल के दुर्गम विद्यालय राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय सूर्यागांव के बच्चों ने खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जीत हासिल की है। विद्यालय में तैनात अध्यापक लक्ष्मी काला, संतोष जोशी और किशोरी लाल टम्टा के प्रयास से बच्चों ने खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है। वर्ष 2024-25 में विद्यालय के बच्चों ने व्यायाम विशेष प्रदर्शन में जिले में प्रथम स्थान, बालिका वॉलीबॉल में प्रथम स्थान, बालक वर्ग वॉलीबाल में द्वितीय, लोक नृत्य में द्वितीय, समूह गान में तृतीय व एथलेटिक्स 400 मीटर बालिका वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की दो बालिकाओं दीक्षा आर्या और मन्नत सूर्या का चयन इस वर्ष माननीय मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन खेल योजना में हुआ। गौरव आर्या का चयन कक्षा 9 के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय सुयालवाड़ी और चयन राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए भी हुआ है।
पूर्व में भी एक बालिका का चयन राष्ट्रीय स्तर इंस्पायर अवार्ड निहारिका आर्या, प्रतिज्ञा का चयन राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड और गौरव आर्या का जनपद स्तरीय की इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता के लिए हो चुका है। साथ ही विद्यालय रेनू आर्या राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उड़ीसा, और शिखा आर्या राष्ट्रीय हैंडबॉल में दिल्ली प्रतिभाग कर चुकी हैं। विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर डीईओ प्रारंभिक शिक्षा हर्ष बहादुर चंद, खंड शिक्षा अधिकारी केना चौहान, उप शिक्षा अधिकारी मान सिंह ने शिक्षक-शिक्षिकाओं और बच्चों को बधाई दी है।