बिरसिंग्या गांव में सड़क नहीं होने से ग्रामीणों में रोष
भीमणाल। पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ सड़क नहीं होने के चलते मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। लेकिन सरकार और विभाग ग्रामीणों की समस्या को हल नहीं कर पा रहे हैं। धारी तहसील की ग्राम पंचायत बिरसिंग्या में शनिवार को बीमार नंदी देवी को ग्रामीण पांच किमी तक पैदल पीठ पर रखकर गांव के मुख्य सड़क तक लाए। जहां से महिला को निजी वाहन से बीस किमी दूर पदमपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण की मांग करने के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क नहीं होने से पांच किमी पैदल चलकर मुख्य सड़क तक आना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने गांव में सड़क नहीं होने से युवा गांव से पलायन करने को मजबूर हैं। महिला को सड़क तक लाने वालों में समाजसेवी धर्मपाल, सुरेश चंद्र, विद्यासागर, दयालराम, सुभाष चंद्र, हरीश चंद्र, हेम बेलवाल, बसंत बल्लभ, प्रकाश चंद्र शामिल रहे।