कैम्प में श्रम कार्डों का किया नवीनीकरण
भीमताल : ओखलकांडा ब्लॉक के ढोली गांव में पंजीकृत श्रमिकों को टूल किट सामग्री वितरित की गई। इसके साथ ही, जिन श्रमिकों के श्रम कार्डों का नवीनीकरण लंबित था, उनका भी नवीनीकरण किया गया।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के तहत श्रमिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति दी जाती है, बालिकाओं के विवाह के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, गर्भवती श्रमिक महिलाओं के लिए प्रसूति सहायता और श्रमिक की मृत्यु के बाद उसके आश्रितों को आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाती है।
ब्लॉक प्रमुख ने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री और विधायक राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से श्रमिकों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच और रक्त परीक्षण की भी व्यवस्था की गई है। विधायक के निर्देश पर धारी, ओखलकांडा, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में न्याय पंचायत वार कैंपों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रमिक लाभान्वित हो रहे हैं।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे, जिन्होंने सरकार की इन कल्याणकारी योजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से न केवल उन्हें आर्थिक सहायता मिल रही है, बल्कि उनके परिवारों के लिए भी सुरक्षा का वातावरण तैयार हो रहा है।