भीमताल में संयुक्त निदेशक ने की बैठक
भीमताल। विकास भवन परिसर में बुधवार को कुमाऊं मंडल उद्यान विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. बृजेश कुमार ने विभागीय अधिकारियों के साथ किसानों को बीमा कंपनी की ओर से फसलों का बीमा नहीं दिए जाने की समस्या को सुना। बैठक में किसानों ने बताया कि बीमा कंपनी ने भीमताल, धारी, रामगढ़ और ओखलकांडा के किसानों को बीमे का भुगतान सही तरीके से नहीं किया है। इससे किसानों में बीमा कंपनी के लिए नाराजगी है। किसानों ने कहा कि विधायक राम सिंह कैड़ा ने विभाग के अधिकारियों और बीमा कंपनी के साथ बैठक कर बीमा देने को कहा था। लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। किसानों ने बीमे का भुगतान जल्द कराने को कहा है। संयुक्त निदेशक डॉ. बृजेश कुमार ने कहा कि किसानों की समस्या को हल करने के लिए बैठक आयोजित की गई है। बैठक में एक कमेटी के माध्यम से वैदर स्टेशनों की जांच की जाएगी। जांच में खामियां मिलने पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को उचित बीमा दिलाया जाएगा। ताकि किसानों की समस्या हल हो सके। जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया ने अधिकारियों से किसानों को शत प्रतिशत बीमा देने को कहा। बैठक में सीएचओ डॉ. रजनीश सिंह, भावना जोशी, गोपालकृष्ण भट्ट, कमल पलड़िया शामिल रहे।