भीमताल डांठ में शिक्षक को मारी टक्कर
भीमताल। नगर के डांठ में बुधवार की सुबह तेज रफ्तार बाइक चालक ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर स्थित एक इंटर कॉलेज के शिक्षक को टक्कर मारकर झील में गिरा दिया। शिक्षक को झील में गिरा देख स्थानीय नाव चालकों ने शिक्षक को सहकुशल झील से बाहर निकाला। शिक्षक के साथी शिक्षकों और बच्चों के हल्ला मचाने पर बाइक सवार युवक को पकड़ लिया गया। बाद में पुलिस युवक को लेकर थाने पहुंची। थाने में दोनों पक्षों में आपसी समझौता हुआ। उत्तर प्रदेश बुलंदशहर के एक इंटर कॉलेज में हिंदी के शिक्षक सुनील शर्मा को तेज रफ्तार में सवार बाइक चालक ने टक्कर मार दी इससे शिक्षक झील में गिर गये थे। थानाध्यक्ष जगदीप सिंह नेगी ने बताया कि दोनों पक्ष थाने आए थे। लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।