शव एक सप्ताह पुराना होने से सड़ी गली हालत में मिला
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
भीमताल। भीमताल के बोहराकून मार्ग पर रविवार की शाम स्थानीय लोगों को एक शव खाई में पड़ा हुआ दिखा। शव दिखने की सूचना स्थानीय लोगों ने भीमताल पुलिस को दी। थानाध्यक्ष जगदीप सिंह नेगी पुलिस कर्मियों के साथ बोहराकून पहुंचे। पुलिस ने रस्सी के सहारे शव को खींचकर बाहर निकाला। पुलिस शव को लेकर सीएचसी भीमताल पहुंची। भीमताल सीओ सुमित पांडे ने सीएचसी पहुंचकर मामले की जानकारी ली। सीओ सुमित पांडे ने कहा कि बोहराकून के पास खाई में एक शव मिला है। शव किसी महिला का है जिसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि शव की शिनाख्त के लिए अन्य जिलों की पुलिस से वार्ता कर गुमशुदगी भी देखी जा रही है। सीओ ने कहा कि शव एक सप्ताह से पुराना है। शव के सड़ी गली हालत में होने और दुर्गंध अधिक आने से भी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। इस दौरान सलड़ी चौकी इंचार्ज गगनदीप सिंह, महिला एसआई सिमरन कौर आदि मौजूद रहे।